Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। जिले के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम गोंड़ाडीह के एक किसान ने हल्का पटवारी पर भूमि बंटवारे की प्रक्रिया के लिए कथित रूप से 60 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित किसान ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता रामाधार घृतलहरे के अनुसार उनके माता-पिता के निधन के बाद पारिवारिक कृषि भूमि के बंटवारे की प्रक्रिया लंबित है। संबंधित भूमि के विभाजन के लिए आवश्यक दस्तावेज और आवेदन जमा किए जाने के बावजूद मामला लंबे समय से लंबित बताया जा रहा है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि भूमि बंटवारे से संबंधित पर्ची तैयार करने के एवज में संबंधित पटवारी द्वारा 60 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि पूर्व में आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया के दौरान भी राशि की मांग की गई थी, जिसके लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ा था।
पीड़ित किसान ने जनदर्शन में प्रस्तुत शिकायत में कहा है कि वह एक साधारण कृषक है और इतनी बड़ी राशि देना उसके लिए संभव नहीं है। कथित रिश्वत मांगने के कारण उसका भूमि संबंधी कार्य लंबे समय से प्रभावित हो रहा है, जिससे उसे आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत के साथ किसान ने संबंधित दस्तावेज प्रशासन को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
जनदर्शन में दर्ज शिकायत के बाद अब मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। मामले में संबंधित अधिकारी का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों और जनदर्शन में प्रस्तुत आवेदन पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

