सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी के मामले में घंटों के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार, जेवर बरामद

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। सकरी पुलिस ने घर में चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए जेवर बरामद करने में सफलता हासिल की है। मामले में डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और नकदी सहित करीब 60 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को साईं नगर उसलापुर निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अस्पताल में कार्यरत है और रात्रि ड्यूटी के कारण घर में ताला लगाकर काम पर चली गई थी। अगले दिन सुबह घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नगदी गायब थे। चोरी गए सामान में चांदी की पायल, कमरबंद, सोने के कान के जेवर, फुल्ली और नकदी शामिल थी।

शिकायत मिलते ही सकरी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना स्तर पर टीम गठित कर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस संदिग्धों के ठिकाने तक पहुंची, जिसके बाद पूछताछ में दोनों संदिग्धों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने मामले में विकास चतुर्वेदी और अमन टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 570/2026 में धारा 331(4) एवं 305(A) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सकरी पुलिस ने बताया कि चोरी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post