सरकंडा पुलिस की बड़ी सफलता: वाहन चेकिंग में चोरी की एक्टिवा बरामद, विधि से संघर्षरत बालक पकड़ा गया

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। थाना सरकंडा पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की एक एक्टिवा स्कूटी बरामद करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है। पुलिस पूछताछ में बालक ने श्रीधाम कॉलोनी क्षेत्र से वाहन चोरी करना स्वीकार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान 02 जून 2026 को थाना सरकंडा पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के लिए विशेष चेकिंग प्वाइंट लगाया गया। वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार एक बालक को रोककर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, बालक वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पूछताछ में गोलमोल जवाब देने लगा, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। जब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन नंबर और चेसिस नंबर का मिलान थाना रिकॉर्ड से किया गया, तब पता चला कि उक्त वाहन श्रीधाम कॉलोनी, बहतराई क्षेत्र से चोरी हुई एक्टिवा (CG 10 NB 4622) है।

मामले में बी.आर. यादव नगर, बहतराई निवासी प्रार्थिया संगीता साहू ने 24 मई 2026 की रात अपने निर्माणाधीन मकान के पोर्च से एक्टिवा चोरी होने की रिपोर्ट थाना सरकंडा में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

पुलिस पूछताछ में विधि से संघर्षरत बालक ने श्रीधाम कॉलोनी स्थित मकान के पोर्च से एक्टिवा चोरी करना स्वीकार किया। नाबालिग होने के कारण कानूनन उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है।

पुलिस ने बालक के कब्जे से करीब 10 हजार रुपए कीमत की चोरी की सफेद रंग की एक्टिवा जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post