Social Activity BSP
१३ जून २०२६ (Social Activity BSP)। सुल्तानपुर जनपद के चांदा थाना क्षेत्र में मुस्लिम युवकों के साथ कथित मारपीट एवं धार्मिक नारे लगाने के लिए दबाव बनाए जाने के मामले में पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संगठन तहफ़्फुज़-ए-नामूस-ए-रिसालत एक्शन ट्रस्ट (TNRAT) ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
संगठन के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ कथित असामाजिक तत्व मुस्लिम युवकों को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट करते और धार्मिक नारे लगाने का दबाव बनाते दिखाई दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए TNRAT की सुल्तानपुर टीम पीड़ित युवकों के घर पहुंची, उनसे मुलाकात कर हालचाल जाना और हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
संगठन ने प्रशासन से निष्पक्ष, त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही कानून का सम्मान बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द कायम रखने की अपील भी की गई।
पुलिस द्वारा मामले में BNS की धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3) और 126(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
नोट: मारपीट और धार्मिक नारे लगाने के दबाव संबंधी दावे संगठन एवं वायरल वीडियो के आधार पर बताए गए हैं। मामले की जांच पुलिस द्वारा जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

