Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय कार्यक्रम "हमर पहुना" में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने शिरकत की। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने पत्रकारों से जिले की कानून व्यवस्था, पुलिस की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने गंभीर अपराधों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 22 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में सफलता प्राप्त की है। वहीं अपराध से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 9.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, क्योंकि अधिकांश अपराधों की जड़ नशे से जुड़ी होती है।
साइबर अपराध को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए एसएसपी ने कहा कि बिलासपुर पुलिस आम लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में थाना स्तर पर "हमर संगवारी" समूहों का गठन कर लोगों को साइबर ठगी से बचाव और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी दी जा रही है।
अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि बचपन से ही पुलिस सेवा के प्रति उनका आकर्षण रहा। ग्वालियर और सिंगरौली में शिक्षा प्राप्त करने के बाद रायपुर से एलएलबी की पढ़ाई पूरी कर उन्होंने लोक सेवा आयोग के माध्यम से पुलिस सेवा में प्रवेश किया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों सहित कई जिलों में सेवाएं देने के बाद वर्तमान में वे बिलासपुर में पदस्थ हैं।
उन्होंने दुर्ग जिले में पदस्थापना के दौरान 16 डकैती मामलों के सफल खुलासे का उल्लेख करते हुए बताया कि तकनीकी संसाधनों, सूचना तंत्र और सुनियोजित रणनीति के माध्यम से इन मामलों का खुलासा किया गया।
स्मार्ट पुलिसिंग पर अपने विचार रखते हुए एसएसपी ने कहा कि प्रभावी पुलिस व्यवस्था के लिए मजबूत सूचना तंत्र, जनता का विश्वास और पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर मूलभूत सुविधाएं आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस परिवारों के कल्याण के लिए अस्पताल और कैंटीन जैसी सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने समाज और युवाओं से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपराध की सूचना देकर समाज के प्रति अपना दायित्व निभाए। युवाओं से उन्होंने अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग समाज सेवा, न्याय और कानून की रक्षा के लिए करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने एसएसपी रजनेश सिंह को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरि किशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

