एसईसीएल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ पहली तिमाही प्रदर्शन, कोयला उत्पादन, डिस्पैच और ओबीआर में बनाए नए रिकॉर्ड

Social Activity BSP

१ जुलाई २०२६ (Social Activity BSP)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1) में अपने इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करते हुए कोयला उत्पादन, कोयला डिस्पैच (ऑफटेक) और ओवरबर्डन रिमूवल (OBR) के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। कंपनी ने सभी प्रमुख परिचालन मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज कर परिचालन दक्षता, मशीनीकरण और भूमिगत खनन में अपनी प्रगति को मजबूत किया है।

पहली तिमाही के दौरान एसईसीएल ने 44.10 मिलियन टन (एमटी) कोयले का उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 7.19 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में कंपनी का कोयला डिस्पैच 48.79 मिलियन टन रहा, जिसमें 5.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं ओवरबर्डन रिमूवल 99.36 मिलियन क्यूबिक मीटर (एमसीयूएम) रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.62 प्रतिशत अधिक है।





जून 2026 कंपनी के लिए अब तक का सबसे सफल मासिक प्रदर्शन भी रहा। इस दौरान कोयला उत्पादन और डिस्पैच ने नए रिकॉर्ड बनाए, जबकि ओवरबर्डन रिमूवल 34.05 एमसीयूएम तक पहुंच गया। यह निर्धारित मासिक लक्ष्य से लगभग 10 प्रतिशत अधिक तथा जून 2025 की तुलना में 17.3 प्रतिशत की वृद्धि है।

फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (FMC) प्रणाली के माध्यम से कोयले की मशीनीकृत निकासी में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। पहली तिमाही में 19.58 मिलियन टन कोयले का परिवहन एफएमसी सिस्टम के जरिए किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19.7 प्रतिशत अधिक है। यह कंपनी की तेज, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल कोयला परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि कंपनी का यह रिकॉर्ड प्रदर्शन कर्मचारियों की मेहनत, परिचालन उत्कृष्टता और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान निर्बाध उत्पादन और कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली गई हैं, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

ऊर्जा क्षेत्र की मांग को पूरा करने के लिए पहली तिमाही में एसईसीएल ने बिजली उत्पादन इकाइयों को 37.79 मिलियन टन कोयले की आपूर्ति की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5.4 प्रतिशत अधिक है।

भूमिगत खनन के क्षेत्र में भी कंपनी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पहली तिमाही में भूमिगत कोयला उत्पादन 23.35 प्रतिशत बढ़कर 3.17 मिलियन टन पहुंच गया, जो पिछले छह वर्षों में पहली तिमाही का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

एसईसीएल ने कहा कि यह रिकॉर्ड प्रदर्शन वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में कंपनी की मजबूत शुरुआत को दर्शाता है तथा कोल इंडिया लिमिटेड के उत्पादन एवं डिस्पैच लक्ष्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post