तितली चौक के नाले में अर्धनग्न महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP) । शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे परिक्षेत्र स्थित तितली चौक के पास एक नाले में अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर तोरवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामला रहस्यमयी बना हुआ है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। हालांकि अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान के लिए उसकी तस्वीर जिले के सभी थाना क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के जिलों के थानों में भी भेजी गई है। इसके अलावा विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कराया जा रहा है, ताकि महिला की जल्द से जल्द शिनाख्त हो सके।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े हर संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरच्यूरी भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई है या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post