खेतों से केबल वायर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, तांबे का तार और बाइक जब्त

रायगढ़ | 07 जुलाई 2026 (Social Activity BSP) 
रायगढ़ जिले की पुसौर पुलिस ने किसानों के खेतों में लगे बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलोग्राम तांबे का तार तथा वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुसौर थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को पिछले कुछ समय से क्षेत्र के किसानों द्वारा खेतों में लगे बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी दौरान 5 जुलाई 2026 को रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35 वर्ष) ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई कि उसके खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल का लगभग 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं।

 शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22 वर्ष) और दिगम्बर मांझी (26 वर्ष), दोनों निवासी रेंगालपाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी के केबल से निकाला गया करीब 2 किलो तांबे का तार और घटना में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13 AV-0523 बरामद कर जब्त कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ धारा 3(5) भी जोड़ते हुए गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार खेतों में लगातार हो रही केबल वायर चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस एवं पुसौर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post