Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में घर लौटे एक बेटे ने पिता की डांट से नाराज होकर लकड़ी के डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को नवागांव (गिरजाबंद) निवासी विमल सूर्यवंशी ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके मामा शिवचरण सूर्यवंशी उर्फ पिंटू (38 वर्ष) उसके घर पहुंचे और स्वयं बताया कि उन्होंने अपने पिता रिखीराम सूर्यवंशी की हत्या कर दी है।
शराब पीकर लौटा, पिता की डांट पर कर दिया हमला
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में घर लौटा था। उस समय उसके पिता रिखीराम सूर्यवंशी खाट पर लेटे हुए थे। उन्होंने बेटे को शराब पीने को लेकर डांट दिया, जिससे वह गुस्से में आ गया। आवेश में आकर उसने पास में रखा लकड़ी का डंडा उठाया और पिता के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से रिखीराम सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
घेराबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी के घर की घेराबंदी की गई। पुलिस ने आरोपी शिवचरण सूर्यवंशी उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। इस दौरान उप निरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उप निरीक्षक नीलाकर सेठ एवं आरक्षक धीरज कश्यप ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆





.jpeg)

