Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने पर्यावरण संरक्षण और उत्पादन—दोनों क्षेत्रों में एक साथ बड़ी उपलब्धि हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। कंपनी को सतत एवं हरित खनन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए द टाइम्स इंटरनेट इकोप्रेन्योर्स अवॉर्ड्स 2026 में प्रतिष्ठित ‘ग्रीन ट्रांज़िशन लीडरशिप अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 17 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने प्राप्त किया।
यह पुरस्कार पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने, वैज्ञानिक खान बंदी, भूमि पुनर्वास, जैव विविधता संरक्षण तथा पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों के प्रभावी उपयोग के क्षेत्र में एसईसीएल द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण मान्यता है। कंपनी लंबे समय से सतत विकास और उत्तरदायी खनन की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
उत्पादन में भी रचा नया इतिहास
पर्यावरणीय उपलब्धि के साथ-साथ एसईसीएल ने परिचालन प्रदर्शन में भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50 मिलियन टन कोयला उत्पादन का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही एसईसीएल, कोल इंडिया लिमिटेड की ऐसी पहली अनुषंगी कंपनी बन गई है जिसने चालू वित्तीय वर्ष में यह उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 9.5 प्रतिशत उत्पादन वृद्धि भी दर्ज की है।
मेगा परियोजनाओं ने निभाई अहम भूमिका
इस रिकॉर्ड उत्पादन में एसईसीएल की कोरबा स्थित मेगा परियोजनाओं का सबसे बड़ा योगदान रहा। दीपका परियोजना ने 11.8 मिलियन टन, गेवरा परियोजना ने 11.7 मिलियन टन तथा कुसमुंडा परियोजना ने 9.7 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया।
इसके अलावा सीआईसी कोलफील्ड्स ने 8.8 मिलियन टन, रायगढ़ क्षेत्र ने 5.9 मिलियन टन तथा कोरबा क्षेत्र ने 2.1 मिलियन टन उत्पादन कर कंपनी की इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
"पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा सुरक्षा दोनों हमारी प्राथमिकता"
एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि ‘ग्रीन ट्रांज़िशन लीडरशिप अवॉर्ड’ कंपनी की सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और देश की ऊर्जा सुरक्षा, दोनों एसईसीएल के विकास के समान रूप से महत्वपूर्ण आयाम हैं।
उन्होंने कहा कि कंपनी एक ओर हरित एवं उत्तरदायी खनन को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर सुरक्षित, आधुनिक और दक्ष तकनीकों के माध्यम से देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। एसईसीएल आधुनिक तकनीक, उच्च परिचालन दक्षता और सतत विकास के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं जिम्मेदार खनन के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆






.jpeg)

