SECL के निदेशक एन. फ्रैंकलिन जयकुमार NCL के नए CMD पद के लिए अनुशंसित, PESB ने किया चयन

बिलासपुर (Social Activity BSP) । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के लिए गर्व का क्षण है। SECL के निदेशक (तकनीकी) (ऑपरेशंस) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को 08 जुलाई 2026 को लोक उद्यम चयन बोर्ड (PESB) द्वारा नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) पद के लिए अनुशंसित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर SECL परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले श्री जयकुमार ने फरवरी 2024 में SECL में निदेशक (तकनीकी) (परियोजना एवं योजना) के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से वे निदेशक (तकनीकी) (ऑपरेशंस) के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। उनके नेतृत्व में SECL ने तकनीकी दक्षता, उत्पादन क्षमता और संचालन उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

NLC इंडिया और SCCL में निभाई अहम जिम्मेदारियां
SECL से पहले श्री जयकुमार NLC इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (कोल कोऑर्डिनेशन) एवं तलाबीरा-II एवं III ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना प्रमुख रहे। उन्होंने NLC इंडिया में कई महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

अपने करियर की शुरुआत उन्होंने द सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (SCCL) से की, जहां लगभग 18 वर्षों तक अत्यधिक यंत्रीकृत भूमिगत एवं खुली खदानों के संचालन का व्यापक अनुभव हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने इंडोनेशिया में 5 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता वाली कोयला खदान का पांच वर्षों तक सफल नेतृत्व कर अंतरराष्ट्रीय खनन प्रबंधन में भी अपनी विशेषज्ञता साबित की।
उच्च शिक्षा और पेशेवर उपलब्धियां
श्री जयकुमार ने कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी (अन्ना विश्वविद्यालय, चेन्नई) से खनन अभियांत्रिकी में स्नातक किया है। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद से पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा अलगप्पा विश्वविद्यालय, तमिलनाडु से मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए की उपाधि प्राप्त की है।

वे DGMS द्वारा प्रदत्त प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता प्रमाणपत्र के धारक हैं तथा इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो भी हैं।

सुरक्षा, कौशल विकास और नीति निर्माण में भी अहम योगदान
संचालन उत्कृष्टता के साथ-साथ श्री जयकुमार ने खान सुरक्षा, कौशल विकास और रणनीतिक नीतिगत पहलों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे स्किल काउंसिल फॉर माइनिंग सेक्टर (SCMS) के बोर्ड सदस्य रह चुके हैं, तमिलनाडु माइन्स सेफ्टी एसोसिएशन में विभिन्न नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं तथा कोयला मंत्रालय की क्राइसिस मैनेजमेंट प्लान के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो भारत की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

SECL परिवार ने श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल नेतृत्व और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। उनके NCL के CMD पद पर चयन की अनुशंसा को भारतीय कोयला उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post