टीम सुकून का मानवीय अभियान: पहले सर्वे, फिर सेवा; अशोक नगर के जरूरतमंदों तक पहुंचाया भोजन

Social Activity BSP


बिलासपुर (समय संदर्भ इंडिया)। शहर में आपदा की स्थिति के बीच सामाजिक संस्था सुकून फाउंडेशन ने राहत कार्यों के लिए "पहले सर्वे, फिर सेवा" की कार्यशैली अपनाते हुए जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने की पहल की। संस्था की टीम ने सूचना मिलने पर अशोक नगर स्थित मुरुम खदान रोड क्षेत्र का पहले विस्तृत सर्वे किया, ताकि वास्तविक जरूरतों का आकलन कर प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

सर्वे के दौरान टीम ने पाया कि क्षेत्र में हालात काफी अव्यवस्थित हैं और कई परिवार बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने टीम को बताया कि अधिकांश राहत दल केवल मुख्य सड़क तक ही सीमित रहते हैं और अंदरूनी बस्तियों तक सहायता नहीं पहुंच पाती। लोगों ने यह भी कहा कि कई बार केवल औपचारिकता निभाकर फोटो खींचे जाते हैं, जबकि वास्तविक जरूरतमंदों तक पर्याप्त मदद नहीं पहुंचती।


सुकून फाउंडेशन के संस्थापक अब्दुल मन्नान ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि संस्था वास्तविक जरूरत के अनुसार लगातार सहायता उपलब्ध कराएगी। सर्वे पूरा होने के बाद उसी रात जरूरतमंद परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। संस्था ने क्षेत्र के जिम्मेदार नागरिकों से भी चर्चा कर आगे आवश्यक राहत सामग्री एवं सेवाओं की जानकारी लगातार साझा करने का आग्रह किया।



संस्था ने बताया कि शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साझा मंच महासंगठन तथा एनजीओ कोलैब ग्रुप के माध्यम से राहत कार्यों की लगातार जानकारी साझा की जा रही है, जिससे विभिन्न संगठनों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर आपदा राहत कार्यों को गति मिली है।


सुकून फाउंडेशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मुख्य सलाहकार मोहम्मद अली इमरान ने आपदा पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए नागरिकों से एक-दूसरे की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सामाजिक एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत होती है और सभी के सहयोग से हर कठिन परिस्थिति का सामना किया जा सकता है।



राहत अभियान में महिला शक्ति की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। तरन्नुम खान, डॉ. परवीन आलम, परवीन भाभी, फरहीन चिश्ती, नौशीन परवीन, नाजिया अली, मनप्रीत कौर, साहिना बाजी, शमा बाजी, हमीदा खान, सबीहा खान, फिरोज भाई (कोरबा), असफिया निगार, असलम सर, जुनैद खान, सज्जू भाई, शेख सुल्तान, शेख इमरान, इरफान भाई सहित अनेक स्वयंसेवकों ने भोजन तैयार करने, वितरण और राहत कार्यों में सक्रिय योगदान दिया।

संस्था ने सभी स्वयंसेवकों, सहयोगियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक सदस्य की निस्वार्थ सेवा और समर्पण के कारण ही सुकून फाउंडेशन लगातार जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने में सफल हो रहा है। संस्था ने भविष्य में भी सेवा कार्यों को इसी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post