Social Activity BSP
बिलासपुर |
बिलासपुर शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब छठ घाट के पास झाड़ियों से बहकर नदी किनारे में एक नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ मिला। सुबह टहलने आए लोगों ने जब यह नज़ारा देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया गया।
सुबह झाड़ियों के पास दिखा शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छठ घाट के पास स्थित झाड़ियों से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने जब पास जाकर देखा, तो वहां एक नवजात का शव पड़ा था। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
नवजात दो दिन का लग रहा, पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा
सीएसपी नियमितेश सिंह सिंह ने बताया कि “नवजात शिशु एक या दो दिन पुराना लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर यह कहा जा सकता है कि शिशु की मृत्यु दो-तीन दिन पहले हुई होगी, लेकिन वास्तविक कारण पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।”
उन्होंने कहा कि फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के क्षेत्र से पूछताछ की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि शव कहां से लाया गया और किसने इसे यहां फेंका।
झाड़ियों से बहकर आने की भी आशंका
पुलिस के अनुसार, छठ घाट नदी किनारे स्थित है, इसलिए इस बात की भी संभावना है कि नवजात का शव किसी अन्य स्थान से बहकर यहां पहुंचा हो। हालांकि यह भी सिर्फ प्राथमिक अनुमान है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
इलाके में मचा हड़कंप
इस दर्दनाक घटना से छठ पूजा के बाद भी श्रद्धालुओं में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिले। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में अक्सर गरीब परिवार या अवैध संबंधों से जन्मे बच्चों को इस तरह फेंक दिया जाता है, जो बेहद अमानवीय है। लोगों ने प्रशासन से सख्त जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल क्या स्थिति है
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक शिशु के लिंग, मृत्यु के वास्तविक कारण और समय के बारे में कुछ कहने से इनकार किया है।
Report- शेख सरफराज़ अहमद



