रायपुर/बिलासपुर। जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक और सराहनीय कदम उठाया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में बीपीएल श्रेणी के ओपीडी मरीजों को निशुल्क सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा प्रदान करने के निर्देश जारी किए हैं।
मंत्री जायसवाल ने यह निर्णय आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत ओपीडी मरीजों को जांच में आ रही दिक्कतों को देखते हुए स्वतः संज्ञान लेते हुए लिया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आगामी सामान्य परिषद की बैठक तक बीपीएल राशनकार्डधारी मरीजों को जांच पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि अन्य मरीजों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम दरों पर यह सुविधा दी जाएगी।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि मंत्री का यह फैसला प्रदेश के हजारों जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत भरा कदम है। इससे ओपीडी स्तर पर सस्ती और सुलभ जांच सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आदेशों का सख्ती से पालन करने और किसी भी मरीज को असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, अंबेडकर अस्पताल के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में अत्याधुनिक सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें स्थापित हैं, जहां रोजाना सैकड़ों मरीज जांच कराने पहुंचते हैं। पिछले कुछ दिनों से आयुष्मान योजना पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण जांच बुकिंग में परेशानी आ रही थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने लोकहित में त्वरित निर्णय लेते हुए गरीब मरीजों को मुफ्त जांच की सुविधा देने के निर्देश जारी किए हैं।
इस निर्णय से प्रदेशभर के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं पर जनता का भरोसा और मजबूत होगा।
मुख्य बिंदु:
बीपीएल श्रेणी के ओपीडी मरीजों को निशुल्क सीटी स्कैन व एमआरआई जांच
अन्य मरीजों को न्यूनतम दरों पर सुविधा मिलेगी
आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश
आयुष्मान पोर्टल की तकनीकी समस्या के समाधान की प्रक्रिया जारी
रेडियोडायग्नोसिस विभाग में अत्याधुनिक जांच मशीनें संचालित
Social Activity BSP
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Tags
Social Activity Bsp


