Chhath Puja 2025: महापर्व छठ संपन्न, CM साय ने पत्नी संग कुनकुरी घाट पर उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, प्रदेश की खुशहाली की कामना

Social Activity BSP


जशपुर (छत्तीसगढ़)|

छठ महापर्व की पावन बेला पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय ने मंगलवार सुबह कुनकुरी छठ घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए समस्त छत्तीसगढ़वासियों को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।



मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, “आज बड़े ही सौभाग्य का दिन है कि मुझे अपने विधानसभा क्षेत्र में छठ पर्व में शामिल होने का अवसर मिला। यहां की व्रती महिलाएं श्रद्धा और आस्था के साथ सूर्य उपासना कर रही हैं।”



उन्होंने इस दौरान घोषणा की कि कुनकुरी छठ घाट का 5 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं उपस्थित थीं।



छठ महापर्व का धार्मिक महत्व


छठ पूजा सूर्य देव की उपासना और कृतज्ञता का प्रतीक है। इस पर्व में श्रद्धालु सूर्य देव और छठी मैया की आराधना कर जीवन, ऊर्जा और स्वास्थ्य की कामना करते हैं। व्रती महिलाएं चार दिनों तक पूर्ण शुद्धता और आस्था के साथ उपवास, स्नान और पूजा-अर्चना करती हैं। समाज के सभी लोग मिलकर घाटों की सजावट करते हैं, प्रसाद बनाते हैं और सामूहिक रूप से सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।

Social Activity BSP

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद



Join Us

Post a Comment

Previous Post Next Post