राजिम में सतनामी समाज का आक्रोश : लाइव डिबेट में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आदेश सोनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
bySheikh Sarfaraz Ahamad
-
0
राजनांदगांव/रायपुर/राजिम :
राजिम तहसील क्षेत्र में सतनामी समाज के लोगों ने एक निजी न्यूज चैनल के लाइव डिबेट कार्यक्रम में समाज विरोधी टिप्पणी करने वाले आदेश सोनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समाज के पदाधिकारियों ने राजिम थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि 25 अक्टूबर की रात लाइव कार्यक्रम के दौरान आदेश सोनी ने सतनामी समाज के प्रति अपमानजनक और भड़काऊ टिप्पणी की थी। इस बयान से समाज की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में आक्रोश और असंतोष का माहौल है।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि अब यह विवाद सिर्फ राजिम तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में सतनामी समाज में उबाल की स्थिति है। प्रदेश स्तर पर भी समाज के प्रमुखों और संगठन पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
समाजजनों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे सतनामी समाज की अस्मिता और सम्मान का सवाल है। समाज ने प्रशासन से मांग की है कि इस पर फौरन संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति समाज विरोधी टिप्पणी करने का दुस्साहस न कर सके।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद