Social Activity BSP
गोबरा नवापारा। रायपुर जिले के नवापारा क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोनसिल्ली निवासी केशव साहू (45 वर्ष) शाम करीब 5.30 बजे बाइक से नवापारा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम छाटा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। उसी वक्त पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। चश्मदीदों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि केशव को संभलने का मौका भी नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को जानकारी दी। गंभीर रूप से घायल केशव को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर रविवार सुबह परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गोबरा नवापारा पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

