Social Activity BSP
सरगुजा। लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के बरगीडीह बाजार के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में नेपाल से काम करने आए युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लालबंदी गांव निवासी सागर कार्किक (32 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सागर अपने चार साथियों के साथ बाजार से अपने किराए के कमरे वापस लौट रहा था। तभी बरगीडीह की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से सागर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर के पीछे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोग और साथी तत्काल उसे अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन सहित फरार हो गया। साथ चल रहे युवकों ने वाहन रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक मौके से भाग निकला।
मृतक के साथ आए नेपाली युवकों ने बताया कि वे हाल ही में राइस मिल में काम शुरू करने के लिए सरगुजा पहुंचे थे और अपने रहने-खाने का सामान खरीदकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मृतक के परिजनों को नेपाल में सूचना दे दी गई है।
लुण्ड्रा थाना प्रभारी आरएन पटेल ने बताया कि अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग बाजार क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

