Social Activity BSP
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अमरिया पारा में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतिका के परिवार ने ससुराल वालों पर लगातार प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका मधु सूर्यवंशी (22 वर्ष), निवासी खोखरा (जांजगीर–चांपा), ने लगभग नौ महीने पहले अमरिया पारा निवासी अरुण कोसले से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से मधु ससुराल में ही रह रही थी और मायके नहीं गई थी।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे मधु ने घर में लगे लोहे के एंगल से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति अरुण टीपी नगर के एक गैरेज में काम पर गया हुआ था, जबकि सास और ससुर घर पर मौजूद थे। घटना की खबर मिलते ही अरुण तुरंत मौके पर लौटा और पुलिस को सूचना दी।
मानिकपुर पुलिस ने संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर तहसीलदार को बुलाया और पंचनामा, फोटो व अन्य कानूनी औपचारिकताएं उनकी उपस्थिति में पूरी की गईं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतिका के मायके पक्ष के लोग कोरबा पहुंचे। मधु की मां अंबिका बाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बताया कि मधु फोन पर अक्सर कहती थी कि ससुराल वाले उसे ताने देते थे — “लव मैरिज की है, बिना सामान आए हो”। परिजनों का दावा है कि लगातार मानसिक दबाव और तानों की वजह से मधु तनाव में रहने लगी थी और इसी प्रताड़ना के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया।
परिजनों ने यह भी बताया कि घटना से कुछ देर पहले मधु की अपनी सास के साथ चाय बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके तुरंत बाद उसने यह कदम उठाया।
वहीं पुलिस का कहना है कि परिजनों के लिखित बयान, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में खुदकुशी की पुष्टि हुई है, लेकिन प्रताड़ना के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच जारी है।
मानिकपुर चौकी पुलिस पड़ोसियों, रिश्तेदारों और अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मधु को यह कदम उठाने के लिए आखिर क्या परिस्थितियाँ मजबूर कर रहीं थीं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर नवविवाहिताओं की सुरक्षा और घरेलू प्रताड़ना के मुद्दे पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मृतिका के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

