Social Activity BSP
कोरबा, 05 जनवरी (Social Activity BSP)।
कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव निवासी नंदकुमार पटेल (उम्र लगभग 45 वर्ष) की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब मिली, जब नंदकुमार पटेल का खून से लथपथ शव उनके ही घर के आंगन में पड़ा मिला। शव देख परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इसे सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से एक धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) बरामद की है, जिसे हत्या में प्रयुक्त होना माना जा रहा है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। इस जघन्य घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

