सर्दियों में खोई चेहरे की चमक लौटाएंगी हरी सब्ज़ियां, प्राकृतिक तरीकों से पाएं त्वचा में निखार — शहनाज़ हुसैन

Social Activity BSP



मुंबई (Social Activity BSP)। सर्दियों के मौसम में तापमान गिरने के साथ हवा में ठंडक बढ़ जाती है, जिसका सीधा असर हमारी त्वचा और बालों पर पड़ता है। इस मौसम में त्वचा रूखी, बेजान और निर्जीव दिखाई देने लगती है। ठंड न केवल शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करती है, बल्कि त्वचा की प्राकृतिक नमी भी कम कर देती है। ऐसे में लोग क्रीम, लोशन और मॉइस्चराइज़र का सहारा लेते हैं, लेकिन यदि शरीर को भीतर से पोषण मिले, तो त्वचा और बाल अपने आप स्वस्थ और चमकदार बने रहते हैं।

सर्दियों में प्रकृति हमें कई ऐसी हरी पत्तेदार सब्ज़ियां देती है, जो त्वचा को मौसम की मार से बचाने में बेहद कारगर होती हैं। पालक, सरसों का साग, मेथी, बथुआ, पत्ता गोभी और हरी पत्तियों से बने सलाद में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और मिनरल पाए जाते हैं। ये न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि त्वचा की सुंदरता में भी चार चांद लगाते हैं।

गाजर सर्दियों की प्रमुख सब्ज़ी है। इस मौसम में मिलने वाली लाल गाजर विटामिन-ए और विटामिन-सी से भरपूर होती है। विटामिन-सी कोलेजन के निर्माण में मदद करता है, जिससे त्वचा कोमल और लचीली बनी रहती है, जबकि विटामिन-ए झुर्रियों को रोकने में सहायक होता है। उबली हुई गाजर को मसलकर चेहरे पर लगाने से प्राकृतिक चमक बढ़ती है और नियमित उपयोग से कील-मुंहासों व काले धब्बों में कमी आती है।

खीरा त्वचा के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें पाया जाने वाला ‘सीलिका’ मिनरल त्वचा की रंगत निखारता है और उसे मुलायम बनाता है। खीरा एक प्राकृतिक टोनर की तरह काम करता है। तैलीय त्वचा वाले लोग खीरे का रस सीधे चेहरे पर लगाकर कुछ देर बाद धो सकते हैं। खीरे के रस में गुलाब जल मिलाकर लगाने से त्वचा तरोताजा होती है, रोमछिद्र सिकुड़ते हैं और अतिरिक्त तेल नियंत्रित रहता है। आंखों के आसपास खीरा लगाने से डार्क सर्कल भी कम होते हैं।

पालक को सेहत का खजाना माना जाता है। इसमें फाइबर, प्रोटीन, विटामिन ए, सी और के के साथ-साथ आयरन, फोलेट और पोटैशियम भरपूर मात्रा में होते हैं। पालक और दही से बना फेस पैक पिगमेंटेशन को धीरे-धीरे कम करता है और चेहरे पर ताजगी लाता है। वहीं पालक, बेसन, दूध और शहद से बना फेस पैक त्वचा को कोमल और मुलायम बनाता है। पालक का जूस सेब या नाशपाती और नींबू के रस के साथ पीने से झाइयां कम होती हैं और त्वचा में प्राकृतिक निखार आता है।

पत्ता गोभी भी सर्दियों में आसानी से मिलने वाली पौष्टिक सब्ज़ी है। इसमें मौजूद फाइबर वजन और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करता है। पत्ता गोभी में पाए जाने वाले विटामिन, मिनरल और सल्फर तत्व त्वचा को पोषण देकर उसे लचीला और आकर्षक बनाते हैं। उबली हुई पत्ता गोभी के ठंडे पानी से चेहरा धोने से त्वचा साफ और तरोताजा रहती है। वहीं पत्ता गोभी के रस को केले और शहद के साथ मिलाकर बालों पर लगाने से बाल मजबूत और चमकदार बनते हैं।

सर्दियों में सलाद का सेवन भी बेहद जरूरी है। सलाद में मौजूद पोटैशियम त्वचा को पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषण देता है, जिससे रक्त संचार बेहतर होता है और त्वचा दमकने लगती है। इसमें पाए जाने वाले विटामिन ए, सी, के और जिंक बालों की वृद्धि में सहायक होते हैं और असमय सफेद होने से रोकते हैं। सलाद को कच्चा खाना अधिक लाभकारी होता है, क्योंकि पकाने से इसके पोषक तत्व नष्ट हो सकते हैं।

इसलिए अगली बार जब आप बाजार जाएं, तो इन पौष्टिक हरी सब्ज़ियों को अपनी खरीदारी सूची में जरूर शामिल करें। सर्दियों में इनका नियमित सेवन न केवल आपको स्वस्थ रखेगा, बल्कि आपकी त्वचा और बालों को भी प्राकृतिक रूप से सुंदर बनाए रखेगा।

लेखिका शहनाज़ हुसैन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ हैं और ‘हर्बल क्वीन’ के नाम से जानी जाती हैं।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post