अनियंत्रित ट्रक ने डीजे पर नाच रहे बारातियों को रौंदा, 4 महिलाएं घायल – एक की हालत गंभीर

Social Activity BSP

जांजगीर-चांपा, 11 फरवरी (Social Activity BSP)। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत घिवरा गांव में मंगलवार रात शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने डीजे पर नाच रहे बारातियों को टक्कर मार दी। हादसे में चार महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पेंड्रावन से बारात बिर्रा के भाटापारा स्थित रथू देवांगन के घर पहुंची थी। द्वाराचार (परघनी) की रस्म की तैयारियां चल रही थीं और घर के सामने सड़क पर बाराती डीजे की धुन पर उत्साहपूर्वक नाच रहे थे। इसी दौरान शिवरीनारायण की ओर से आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ने पहले सड़क पर खड़े बारातियों को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे लगे टेंट से जा भिड़ा। ट्रक की चपेट में आने से टेंट के पास खड़ी चार महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घायलों में भूरी बाई (65), राधिका देवांगन और रेधुका देवांगन (55) शामिल हैं, जिनका इलाज बिर्रा में जारी है। वहीं, उसा बाई देवांगन (53) के जांघ पर ट्रक का पहिया चढ़ जाने से उनकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

घटना में कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि उसे झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रह पाया।

पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।




Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post