CG NEWS : बीच सड़क पर महिला का हंगामा, ऑटो चालक की पिटाई का वीडियो वायरल

Social Activity BSP

बिलासपुर, 09 फरवरी (Social Activity BSP)।
बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने बीच सड़क पर एक ऑटो चालक की जमकर पिटाई कर दी। यह घटना अटल आवास के पास की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, महिला ने ऑटो चालक पर मासूम बच्चियों के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया। इसी आरोप से आक्रोशित होकर महिला ने सार्वजनिक रूप से चालक का कॉलर पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।

वीडियो में साफ दिखाई देता है कि ऑटो चालक भीड़ के सामने हाथ जोड़कर खुद को निर्दोष बताता रहा और रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ। घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, हालांकि हैरानी की बात यह रही कि किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।

“थाने चलो” कहते हुए ऑटो में बैठाकर ले गई महिला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर तक हंगामे के बाद महिला “थाने चलो” कहते हुए ऑटो चालक को उसी के ऑटो में बैठाकर अपने साथ ले गई। इसके बाद मामले में क्या कार्रवाई हुई, इसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई या नहीं।

फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग एक ओर जहां बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिना पुलिस कार्रवाई के सरेआम पिटाई को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।




Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post