Social Activity BSP
भिलाई, 11 फरवरी (Social Activity BSP)।
भिलाई के सेक्टर-8 इलाके में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक 50 वर्षीय महिला का जला हुआ शव उनके ही घर के बाथरूम से बरामद किया गया। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर-8 निवासी रंजना देवांगन घर पर अकेली थीं। शाम करीब 4:20 बजे पड़ोसियों ने उनके घर से धुआं उठते देखा और जलने की तेज गंध महसूस की। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत महिला के बेटे राहुल और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा खुलवाया, जहां महिला का बुरी तरह जला हुआ शव मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत आग से झुलसने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या किसी साजिश के तहत हत्या की गई है।
घटनास्थल से पुलिस को माचिस की तीलियां और ज्वलनशील पदार्थ भी मिले हैं। साथ ही एक सुसाइड नोट मिलने की भी पुष्टि हुई है, जिसकी सत्यता और हस्तलेख की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
रंजना देवांगन ट्यूशन पढ़ाने का कार्य करती थीं। उनके दो बेटे हैं, जो शिक्षित हैं और नौकरी कर रहे हैं। पड़ोसियों के अनुसार परिवार शांत और शिक्षित माना जाता था, और घर में किसी तरह के विवाद या तनाव की जानकारी पहले कभी सामने नहीं आई।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इस दुखद घटना ने पूरे मोहल्ले को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

