छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में परिसर को निशाना बनाने का जिक्र; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, साइबर टीम जांच में जुटी

Social Activity BSP

बिलासपुर, 25 फरवरी (Social Activity BSP)।
बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। ई-मेल में हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए तथा पूरे परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह स्वयं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हाईकोर्ट परिसर को तत्काल सुरक्षा घेरे में लेकर एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर सख्त जांच शुरू कर दी गई। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने भी परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।

कई राज्यों में मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां

पिछले कुछ महीनों में देश के विभिन्न हिस्सों में उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों को इस तरह के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। कई मामलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, हालांकि अधिकांश घटनाएं अफवाह या शरारती तत्वों की करतूत साबित हुईं। छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भी पहले ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।

साइबर सेल कर रही तकनीकी जांच

फिलहाल पुलिस और साइबर सेल की टीम ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। सर्वर लोकेशन, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल ट्रेल की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ई-मेल की सत्यता और संभावित खतरे के स्तर का आकलन किया जा रहा है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच पूरी होने तक हाईकोर्ट परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।

(समाचार अपडेट जारी है…)


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post