Social Activity BSP
बिलासपुर, 18 फरवरी (Social Activity BSP)।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक ज्वेलरी कारोबारी को निशाना बनाते हुए सोना-चांदी के जेवर लूट लिए। वारदात टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित सुनसान इलाके में हुई, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर चौक स्थित ‘मां महालक्ष्मी’ ज्वेलरी शॉप के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर अपनी रेनॉल्ट कार से घर लौट रहे थे। सक्ती चौक से बीएसएनएल ऑफिस के बीच सुनसान मार्ग पर एक कार और पैशन प्रो बाइक पर सवार 3-4 नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और जबरन रुकवा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने कार का दरवाजा खोलने के लिए दबाव बनाया। जैसे ही कारोबारी बाहर निकले, आरोपियों ने पिस्टल तानते हुए धमकी दी—“जेवर दे दो, नहीं तो जान से मार देंगे।” विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। छीना-झपटी के दौरान एक आरोपी ने पिस्टल की बट और हथौड़े से उनके सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में ही बदमाश कार में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि भागते समय आरोपी अपनी कार (CG 10 BJ 8147) और बाइक (CG 10 P 0331) घटनास्थल पर ही छोड़ गए। इससे पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
घायल संतोष तिवारी किसी तरह सरकंडा थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि संतोष तिवारी पूर्व में पुलिस विभाग में कार्यरत रह चुके हैं और बाद में नौकरी छोड़कर ज्वेलरी व्यवसाय शुरू किया था।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल से पिस्टल की मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस बरामद होने की सूचना मिली है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)




.jpeg)

