Social Activity BSP
बिलासपुर, 05 फरवरी (Social Activity BSP)।
कोटा थाना परिसर में गाली-गलौज और हंगामा करने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता समेत छह से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई उस समय की गई, जब थाना परिसर में हुए बवाल का वीडियो सामने आया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, कोटा के चंडी माता चौक क्षेत्र निवासी कांग्रेस नेता एवं क्रशर संचालक संतोष मिश्रा और ठेकेदार राम सोनी के बीच वाहन पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान संतोष मिश्रा द्वारा राम सोनी के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप है। इसके बाद राम सोनी भड़क गया और दोनों के बीच हाथापाई हो गई। मौके पर मौजूद परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद संतोष मिश्रा वहां से चला गया।
आरोप है कि कुछ समय बाद संतोष मिश्रा तलवार लेकर दोबारा मौके पर लौटा और राम सोनी पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में कोटा थाने पहुंच गए, जहां एफआईआर दर्ज कराने को लेकर पुलिस पर दबाव बनाया जाने लगा। इसी दौरान थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद भड़क उठा और गाली-गलौज के साथ जमकर हंगामा हुआ।
बताया जा रहा है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद स्थानीय स्तर पर तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई और दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश होती रही। इसी बीच थाने में हंगामे का वीडियो सामने आया, जो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में पहुंचा।
वीडियो देखने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए थाना प्रभारी नरेश चौहान को कड़ी फटकार लगाई और थाना परिसर में माहौल खराब करने तथा पुलिस कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस हरकत में आई और वीडियो में दिखाई दे रहे कांग्रेस नेता संतोष मिश्रा समेत छह से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

