नशे और नाजायज हथियारों के अंतर्राज्य नेटवर्क पर बिलासपुर पुलिस का करारा प्रहार, नशीली गोलियां और ऑटोमेटिक पिस्टल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP) 
जिले में अवैध नशे के कारोबार और गैरकानूनी हथियारों की सप्लाई पर निर्णायक कार्रवाई करते हुए बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अंतर्राज्य नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली गोलियां और ऑटोमेटिक हथियार जप्त किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना सिविल लाइन, थाना तारबाहर और पुलिस लाइन से गठित विशेष टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में सघन रेड और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने मिनीबस्ती जरहाभाठा निवासी स्वराज कुर्रे (20 वर्ष) को दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से करीब 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्राजेपाम, एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान आरोपी स्वराज कुर्रे ने अहम खुलासा करते हुए बताया कि उसे अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेन्द्र सिंह तोमर (37 वर्ष) द्वारा की जाती थी। इस इनपुट पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल दूसरी विशेष टीम का गठन कर भोपाल रवाना किया। वहां स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी धीरेन्द्र सिंह तोमर को एक ऑटोमेटिक पिस्टल और दो मैग्जीन के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी धीरेन्द्र तोमर पूर्व में भी बिलासपुर जिले में अवैध हथियार सप्लाई के मामलों में संलिप्त रहा है और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से अंतर्राज्य हथियार तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, आरोपी धीरेन्द्र तोमर को पुलिस रिमांड पर लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायरों और फाइनेंसरों का भी खुलासा किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के तहत न केवल अवैध नशा और हथियार नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है, बल्कि आरोपियों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों की भी पहचान की जा रही है, जिन पर जल्द ही वैधानिक जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

बिलासपुर पुलिस की इस बड़ी और सटीक कार्रवाई से नशा कारोबारियों और हथियार तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों में कानून व्यवस्था और पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। 



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post