डीजीसीए की मंजूरी से बिलासपुर एयरपोर्ट बनेगा ऑल वेदर, छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई गति: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Social Activity BSP



रायपुर, 6 फरवरी 2026।
भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR से 3C ऑल वेदर ऑपरेशन (IFR) श्रेणी में अपग्रेड किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस अहम निर्णय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम बताया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस स्वीकृति के बाद अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर सभी मौसमों में विमान संचालन संभव हो सकेगा। इससे न केवल क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी, बल्कि यात्रियों को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक हवाई सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा मिलने से बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। यह निर्णय औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसरों के सृजन में भी सहायक सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति प्रदेश की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तीव्र गति से विस्तार हो रहा है, जो राज्य को विकास के नए आयामों की ओर ले जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि न केवल बिलासपुर एयरपोर्ट, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई दिशा प्रदान करेगी तथा प्रदेश को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post