Social Activity BSP
बिलासपुर, 21 फरवरी (Social Activity BSP)। शहर के रतनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक रेलकर्मी समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, भरवीडीह निवासी 61 वर्षीय मनहरण कमल रेलवे में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे और कोटा रेलवे स्टेशन में पदस्थ थे। शुक्रवार शाम वे ड्यूटी के लिए बाइक (CG 10 AJ 4464) से कोटा जा रहे थे। जूना शहर के पास पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक (CG 10 BV 9022) से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर शिव धनुहार (35) और कृष्णा धनुहार सवार थे, जो एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क से दूर जा गिरे और दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे में मनहरण कमल और शिव धनुहार के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कृष्णा धनुहार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर किया गया।
दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

