VIDEO: रॉन्ग साइड से आई मौत… सकरी बाईपास पर ट्रेलर-स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, 4 की दर्दनाक मौत, एक की हालत गंभीर

Social Activity BSP

बिलासपुर। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात ऐसा मंजर सामने आया, जिसने खुशियों को चीखों में बदल दिया। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रेलर रॉन्ग साइड में आ गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से आमने-सामने भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।


कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2:40 बजे ट्रेलर (CG-11-BD-9044) रतनपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर रॉन्ग साइड में पहुंच गया। उसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG-04-MQ-4220) से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर से टकराते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग वाहन के अंदर फंस गए।




दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस, डायल-112 और राहत टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। तब तक चार लोगों की सांसें थम चुकी थीं।


मृतकों की पहचान

इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष) – निवासी कुवागांव, थाना तखतपुर

  • विशाल लहरें (25 वर्ष) – निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली

  • अनमोल लहरें (14 वर्ष) – निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली

  • सोनू मिरी (28 वर्ष) – निवासी कोटा

वहीं प्रकाश रात्रे, निवासी कुवागांव, गंभीर रूप से घायल हैं और सिम्स अस्पताल में उनका इलाज जारी है।


खुशियों से लौट रहे थे, मातम में बदली रात

बताया जा रहा है कि सभी लोग यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर यह हादसा हो गया। जो परिवार कुछ देर पहले जश्न मना रहा था, वह अचानक गहरे शोक में डूब गया।


गांवों में पसरा मातम

चार लोगों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही संबंधित गांवों में मातम छा गया। खासकर बिरगहनी गांव में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से माहौल बेहद गमगीन है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


चालक हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।


एक बार फिर सवाल…

हाईवे पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार कब तक लोगों की जान लेती रहेगी? यह हादसा प्रशासन और वाहन चालकों दोनों के लिए गंभीर चेतावनी है। थोड़ी सी लापरवाही ने चार जिंदगियां छीन लीं और कई परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे दिया।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post