CG NEWS: फर्जी क्राइम ब्रांच बनकर बुजुर्ग से लाखों के सोने के जेवर ठगे, कागज की पुड़िया में पत्थर थमाकर बाइक सवार फरार

Social Activity BSP

बिलासपुर, 27 फरवरी (Social Activity BSP)। शहर में ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां फर्जी क्राइम ब्रांच के सिपाही बनकर आए दो बाइक सवार बदमाशों ने एक 66 वर्षीय बुजुर्ग को झांसे में लेकर उनके सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से असली गहने बदलकर कागज की पुड़िया में पत्थर थमा दिया और मौके से फरार हो गए।

डर और विश्वास का खेल खेलकर वारदात

जानकारी के अनुसार रूखमणी विहार निवासी 66 वर्षीय हरिकिशन पटेल 25 फरवरी की दोपहर करीब 2:30 बजे अपने बेटे को टिफिन देने लिंक रोड स्थित किराना दुकान गए थे। टिफिन देकर जब वे स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी समता कॉलोनी के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।

दोनों युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिसकर्मी बताया और शहर में लगातार बढ़ रही लूट की घटनाओं का हवाला देकर बुजुर्ग को डराने लगे। विश्वास जमाने के लिए एक युवक ने नाटक करते हुए अपने साथी को थप्पड़ मारा और उसकी सोने की चेन उतरवाने का ड्रामा किया। यह देखकर बुजुर्ग को यकीन हो गया कि वे सच में पुलिसकर्मी हैं।

सुरक्षा के नाम पर उतरवाए जेवर

इसके बाद आरोपियों ने ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने की बात कहकर बुजुर्ग को और भयभीत किया। फिर “सुरक्षा” का हवाला देते हुए उनकी करीब तीन तोला सोने की चेन और अंगूठी उतरवाकर कागज में रखने को कहा। इसी दौरान बदमाशों ने असली जेवर बदलकर दूसरी पुड़िया उन्हें थमा दी और घर जाकर खोलने की बात कहकर फरार हो गए।

घर पहुंचते ही खुली ठगी की पोल

घर पहुंचकर जब बुजुर्ग ने कागज की पुड़िया खोली तो उसमें सोने के जेवर की जगह पत्थर निकला। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने परिजनों को जानकारी दी और सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बाइक सवार ठगों की तलाश की जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि खुद को पुलिस या किसी जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर गहने या कीमती सामान उतारने को कहे तो तत्काल नजदीकी थाने से संपर्क करें। बिना पहचान पत्र देखे किसी पर विश्वास न करें।



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post