Social Activity BSP
बिलासपुर। (Social Activity BSP)
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सराफा कारोबारियों पर लगातार हमलों की कड़ी में शुक्रवार शाम एक और सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। सीपत थाना क्षेत्र में स्थित रमेश ज्वेलर्स से करीब 25 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए गए। वारदात उस समय हुई जब दुकान बंद करने की तैयारी चल रही थी और शटर गिराया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही दुकानदार शटर नीचे कर रहा था, तीन बाइक सवार बदमाश अचानक पहुंचे और पलक झपकते ही दुकान मालिक के हाथ से ज्वेलरी से भरे तीन झोले छीन लिए। बदमाश इतनी तेजी से भागे कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में अंजाम दे दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लूट में लगभग 60 ग्राम सोना और करीब 8 किलो चांदी के आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी। इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही इसी जिले में एक सराफा व्यापारी से 3.35 करोड़ रुपए मूल्य का सोना और नकदी लूट ली गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

