Social Activity BSP
नई दिल्ली, 01 फरवरी।
जिस दिन देश की निगाहें आम बजट पर टिकी थीं, उसी दिन कमोडिटी बाजार में बड़ा भूचाल देखने को मिला। लगातार दूसरे दिन सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। वायदा बाजार में तेज बिकवाली के चलते दोनों कीमती धातुएं अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से काफी नीचे फिसल गईं, जिससे निवेशकों के साथ-साथ आम खरीदार भी चौंक गए।
एमसीएक्स (MCX) के आंकड़ों के मुताबिक, 29 जनवरी को चांदी जहां 4.01 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, वहीं अब यह गिरकर करीब 2.66 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई है। यानी महज दो दिनों में चांदी में लगभग 1.36 लाख रुपये प्रति किलो की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई।
सोने की कीमतों में भी बड़ा झटका देखने को मिला है। सोना अपने उच्च स्तर 1.69 लाख रुपये से टूटकर 1.38 लाख रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है। आज 10 ग्राम सोने का भाव घटकर 1.46 लाख रुपये रह गया। इससे पहले 30 जनवरी को ही चांदी 40,000 रुपये और सोना करीब 9,500 रुपये सस्ता हो चुका था।
आईबीजेए (IBJA) के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दबाव के चलते 24 कैरेट सोना घटकर 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.39 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर तक आ गई है।
गिरावट के पीछे ये हैं बड़े कारण
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तेज गिरावट के दो प्रमुख कारण हैं—
पहला, ऑल-टाइम हाई स्तर पर जबरदस्त प्रॉफिट बुकिंग, और दूसरा, फिजिकल डिमांड में भारी कमी। ऊंचे दामों के चलते आम ग्राहकों और ज्वेलरी इंडस्ट्री की खरीदारी कमजोर पड़ गई, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा।
मार्जिन बढ़ोतरी से बढ़ा दबाव
गिरावट का सबसे अहम तकनीकी कारण मार्जिन में बढ़ोतरी बताया जा रहा है। सेबी रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) ने सोने पर मार्जिन 6% से बढ़ाकर 8% और चांदी पर 11% से बढ़ाकर 15% कर दिया है।
मार्जिन बढ़ने से ट्रेडर्स को अतिरिक्त फंड जमा करना पड़ रहा है, और ऐसा न कर पाने की स्थिति में उन्हें मजबूरी में अपनी पोजीशन बेचनी पड़ रही है। इसी वजह से बाजार में तेज बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
आगे क्या रहेगा रुख?
विशेषज्ञों का मानना है कि निकट भविष्य में सोने-चांदी में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। निवेशकों को जल्दबाजी में फैसले लेने से बचने और बाजार की चाल पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

