जांजगीर-चांपा: घर में घुसकर प्राणघातक हमला, नवागढ़ पुलिस ने 4 आरोपी गिरफ्तार किए

Social Activity BSP

जांजगीर-चांपा, 20 फरवरी 2026 (Social Activity BSP)। ग्राम बुडेना में घर के अंदर घुसकर प्राणघातक हमला करने वाले चार आरोपियों को नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 331(2), 109 एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी दिनेश कश्यप ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 फरवरी 2026 को गणेश कश्यप, चंद्रहास कश्यप, दूरपती कश्यप और चंद्रपाल कश्यप डंडा लेकर उसके घर में जबरन घुस आए। पुराने ईंटों के बंटवारे को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया।

आरोप है कि गणेश कश्यप और चंद्रहास कश्यप ने टांगी से प्रार्थी और उसकी पत्नी पर वार किया, जबकि चंद्रपाल और दूरपती ने रिकेश कश्यप के सिर पर लकड़ी के डंडे से प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मामले में अपराध क्रमांक 63/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) विजय कुमार पैकरा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश कुमार शेंडे, सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण आदित्य और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post