Social Activity BSP
रायपुर, 20 फरवरी (वेदांत समाचार)। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पेयजल पीने से एक दर्जन से अधिक छात्राएं पीलिया (जॉन्डिस) से ग्रसित हो गई हैं। दो छात्राओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, छात्राएं पिछले कुछ दिनों से उल्टी, कमजोरी, बुखार और पीलिया जैसे लक्षणों से पीड़ित थीं। स्वास्थ्य जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई और उपचार शुरू कर दिया गया। चिकित्सकों ने दूषित पानी को संभावित कारण बताया है। संक्रमण फैलने की आशंका के चलते कुछ छात्राएं अपने घर लौट गई हैं।
छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से पानी की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही थीं। पानी में बदबू और रंग बदलने की समस्या पहले भी सामने आई थी, लेकिन प्रबंधन ने नियमित सफाई और तकनीकी जांच नहीं कराई। विशेषकर वाटर कूलरों की समय पर सफाई और पानी की लैब जांच न होने से संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने मामले को गंभीर बताते हुए तत्काल लैब जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी छात्रावास में पानी की जांच और टंकियों की सफाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल बीमार छात्राओं का उपचार जारी है और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

