रतनपुर: मंदिर परिसर के तालाब में 8 कछुओं की संदिग्ध मौत, शिकार की आशंका

Social Activity BSP

बिलासपुर, 19 फरवरी (Social Activity BSP)। धार्मिक नगरी रतनपुर के महामाया मंदिर और बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर के तालाबों में आठ कछुओं की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। बुधवार सुबह बूढ़ा महादेव मंदिर तालाब में 8 कछुओं के शव पानी में तैरते मिले। इससे पहले महामाया मंदिर कुंड में भी दो कछुओं की मौत हो चुकी थी। बीते छह दिनों में कुल 10 कछुओं की मौत से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दो कछुओं में अंदरूनी चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कछुओं को किसी भारी वस्तु या लाठी से मारा गया। मृत कछुओं की उम्र लगभग चार-पाँच महीने बताई जा रही है।

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला और जांच शुरू की। मामले को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज कर लिया गया है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है और मंदिर प्रबंधन तथा सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।

वन अधिकारियों के अनुसार कछुए अनुसूची-एक के संरक्षित वन्यजीव हैं, जिनकी हत्या गंभीर अपराध मानी जाती है। यदि शिकार या सुनियोजित हत्या की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि संरक्षित वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post