Social Activity BSP
बिलासपुर, 10 फरवरी (Social Activity BSP)।
एसईसीएल (SECL) के इंदिरा विहार स्थित बिलासपुर भवन में 9 फरवरी 2026 को संचालन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने की। यह बैठक देश के विभिन्न श्रमिक संगठनों द्वारा 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनज़र बुलाई गई थी।
बैठक में निदेशक तकनीकी (संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें नाथूलाल पांडेय (HMS), सुजीत सिंह (BMS), अजय विश्वकर्मा (AITUC), गोपाल नारायण सिंह (SEKMC), वी. एम. मनोहर (CITU) एवं ए. के. खुल्लर (CMOAI) शामिल थे। साथ ही मुख्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसईसीएल प्रबंधन ने श्रमिक संगठनों से 12 फरवरी को प्रस्तावित हड़ताल में भाग न लेने तथा कोयला उत्पादन और आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे में उत्पादन प्रभावित होना जनहित के खिलाफ होगा।
इस अवसर पर एक विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से कंपनी की वर्तमान उत्पादन स्थिति, उत्पादकता और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर संवाद की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी और सभी समस्याओं का समाधान आपसी सहयोग से किया जाएगा।
बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई, जिसमें प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच संवाद को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

