बीजापुर में नाबालिग छात्राओं के गर्भवती होने का मामला गरमाया, CKS प्रवक्ता ने सरकार पर साधा निशाना

Social Activity BSP

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के वनांचल क्षेत्र में स्थित पोटा केबिन छात्रावास में पढ़ने वाली कुछ नाबालिग छात्राओं के गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति और सामाजिक संगठनों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

इस मुद्दे पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (CKS) के प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्ररथ गर्व ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे प्रदेश के लिए शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाली नाबालिग बच्चियों का गर्भवती होना गंभीर मामला है और इससे शारीरिक शोषण की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जहां छात्रावास से जुड़े लोगों या उनके परिजनों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। इसके बावजूद ठोस कार्रवाई और प्रभावी निगरानी की कमी चिंताजनक है।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि विधानसभा में इस मामले पर चर्चा के दौरान शिक्षा मंत्री द्वारा छात्राओं के छुट्टी के दौरान गर्भवती होने की बात कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश करना भी उचित नहीं है। उनका कहना है कि यदि छात्राएं छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही हैं तो उनकी सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की है।

उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को वनांचल क्षेत्रों में बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

गजेंद्ररथ गर्व ने यह भी कहा कि प्रदेश में लगातार सामने आ रहे शोषण और अपराध के मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, ताकि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित हो सके।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post