Social Activity BSP
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में सीवी रमन यूनिवर्सिटी के छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्र 6 मार्च की शाम से छात्रावास से गायब है, जिसकी तलाश में पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मार्च को थाना कोटा में गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज किया गया। लापता छात्र रोहित कुमार (19 वर्ष), पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार) है, जो कोटा स्थित सीवी रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहता था। वह 6 मार्च 2026 को शाम करीब 4 बजे से छात्रावास से लापता है। छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुम इंसान कायम कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को छात्रावास के कमरे से एक मोबाइल फोन (बिना सिम), ऑनलाइन गेमिंग से संबंधित नोट्स वाला एक पेज तथा एक नोटबुक मिली है। नोटबुक में करीब 40 लाख 77 हजार 400 रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज पाया गया है। पुलिस के अनुसार रोहित के मोबाइल से उसकी मां को कहीं स्वेच्छा से जाने का एक मैसेज भी भेजा गया था, जो डिलीवर नहीं हुआ।
पुलिस ने छात्रावास के अन्य छात्रों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रोहित कुमार ऑनलाइन गेमिंग में सक्रिय था और कई लोगों के साथ पैसों का लेन-देन करता था। घटना वाले दिन भी उसने अपने साथियों से नकद पैसे मांगे थे और उन्हें यूपीआई के माध्यम से तुरंत वापस करने की बात कही थी।
पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक खातों की जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की है। बैंक डिटेल में करीब 7 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला है, जिसमें विभिन्न लोगों और ऐप्स के माध्यम से पैसे लेने और देने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा पुलिस ने यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, स्कूल, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप सहित आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। गुमशुदा छात्र की जानकारी अन्य जिलों को भी भेजी गई है।
डॉग स्क्वाड की मदद से छात्रावास से लेकर कोटा रेलवे स्टेशन तक खोजबीन की गई है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन को नोटिस देकर जवाब भी मांगा गया है। पुलिस के अनुसार रोहित के भाई-बहन को उसके ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी।
पुलिस ने बताया कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और परिजनों को हर पहलू की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को उक्त युवक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

