Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक इलाके व्यापार विहार में शुक्रवार रात एक बड़ी चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई। छोटी पार्किंग के पास स्थित हरे कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक की कार से करीब 8 लाख रुपये नगद से भरा बैग अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार हरे कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक ने रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान के गल्ले से नगदी निकालकर एक बैग में रखा और उसे अपनी कार में रख दिया। इसके बाद वे दुकान का शटर बंद करने लगे। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर एक शातिर चोर कार के पास पहुंचा, दरवाजा खोला और 8 लाख रुपये से भरा बैग निकालकर पलक झपकते ही फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि दुकानदार को इसकी भनक तक नहीं लगी।
कुछ देर बाद जब दुकानदार कार के पास पहुंचे तो बैग गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तारबहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के DIG और SSP रजनेश सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर भागते हुए दिखाई दिया है। आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दी जा रही है।
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद व्यापार विहार के व्यापारियों में चिंता और नाराजगी देखने को मिल रही है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल शहर में इस वारदात की चर्चा जोरों पर है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

