Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नकली सोने को असली बताकर ज्वेलरी बदलने की कोशिश करने वाले दंपति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से नकली सोने के टाप्स और अंगूठी भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को सदर बाजार स्थित लीला ज्वेलर्स के मैनेजर जलेश कुमार आहिरे ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल की शाम एक महिला, जिसने अपना नाम पूनम वर्मा बताया, दुकान पर आई और अपने पास रखे टाप्स और अंगूठी को 18 कैरेट सोना बताते हुए बदली करने की बात कही।
शक होने पर ज्वेलरी को मशीन से जांचा गया, जिसमें दोनों सामान नकली पाए गए। इसके बाद मामले की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। सदर बाजार क्षेत्र में महिला अपने पति और बच्चे के साथ घूमती मिली, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी दंपति—संजय वर्मा (40 वर्ष) और पूनम वर्मा (30 वर्ष), निवासी वाराणसी (उत्तर प्रदेश) ने अपराध स्वीकार किया। उनके पास से 18 कैरेट हॉलमार्क का नकली सोना, जिसमें एक जोड़ी टाप्स (लगभग 4.23 ग्राम) और एक अंगूठी (लगभग 3.10 ग्राम) बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

