Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती वर्ष के अवसर पर बिलासपुर पुलिस ने एक अनूठी पहल करते हुए शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया। इस पहल के तहत छात्रों को पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू कराया गया और उन्हें “ब्रांड एंबेसडर” की भूमिका में तैयार किया गया।
इस दौरान छात्रों को शहीद विनोद चौबे चौक से लेकर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ITMS), साइबर थाना और तारबहार थाना का भ्रमण कराया गया। यहां उन्होंने लाइव ट्रैफिक मॉनिटरिंग, CCTV निगरानी, स्पीड रडार, फेस रिकग्निशन तकनीक, डायल 112 सेवा और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के तरीकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि छात्रों ने ITMS कंट्रोल रूम से खुद ट्रैफिक अनाउंसमेंट कर आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया और अव्यवस्थित वाहनों को हटाने की अपील भी की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना है। पुलिस ने संदेश दिया कि यही छात्र आगे चलकर समाज में जागरूकता फैलाने और अपराध रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

