बिलासपुर में ITMS और कंट्रोल रूम का निरीक्षण, अधिकारियों ने ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर सख्ती के दिए निर्देश

Social Activity BSP

बिलासपुर(Social Activity BSP)। शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग एवं डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम), साइबर सेल, पुलिस कंट्रोल रूम और डायल 112 का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आईटीएमएस की उन्नत तकनीक और इसकी कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्टाफ को सदैव मुस्तैद रहने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए डिजिटल एवं तकनीकी माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया गया।

आईटीएमएस के तहत शहर में लगे 550 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) सिस्टम के माध्यम से नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान और चालान की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों को बताया गया कि किस प्रकार कैमरों द्वारा नंबर प्लेट कैप्चर कर चरणबद्ध तरीके से सत्यापन के बाद संबंधित वाहन चालक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर चालान भेजा जाता है।

इसके अलावा कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों की लाइव ट्रैफिक स्थिति, पिक आवर के दौरान ट्रैफिक दबाव और उसकी निगरानी की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई। अधिकारियों ने स्वयं एडवांस जूम तकनीक का उपयोग कर वाहन नंबर प्लेट पढ़ते हुए चालान प्रक्रिया को समझा।

आईटीएमएस के माध्यम से संचालित 23 पब्लिक एड्रेस सिस्टम और 10 एलईडी मॉनिटर के जरिए आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान संदेश प्रसारण के बाद कई वाहन चालकों द्वारा तत्काल नियमों का पालन करते हुए प्रतिक्रिया दी गई।

अधिकारियों ने चोरी हुए वाहनों की तलाश में आईटीएमएस की भूमिका की सराहना करते हुए टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर सेल, डायल 112 और कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, टीआई साइबर सेल गोपाल सतपति सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post