Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। सीपत थाना पुलिस ने मोबाइल टॉवर से केबल तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों और 3 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के कॉपर और एल्युमिनियम केबल तार, तार काटने के औजार और एक आर्टिका कार जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खम्हरिया के सोंठी रोड बाजार के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना के आधार पर टीम गठित कर घेराबंदी की गई और शहबाज अली सहित उसके साथियों को पकड़कर पूछताछ की गई। शुरू में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 4-5 महीनों से तखतपुर, काठाकोनी, चोरभट्ठी, गनियारी, जयाराम नगर, मुंगेली, कुंडा (कबीरधाम), अकलतरा और कोरबा समेत विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से कॉपर और एल्युमिनियम के केबल तार चोरी कर रहे थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 2,90,400 रुपये कीमत के केबल तार और एक आर्टिका कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में शहबाज अली (25 वर्ष), जगदीश कुमार पटेल (24 वर्ष) और मोईउद्दीन (27 वर्ष) शामिल हैं, जबकि तीन नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

