रायगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना, मां ने ढाई साल के बेटे की पत्थर से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP

रायगढ़(Social Activity BSP)। जिले के कापू थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक बालक अनुज मंझवार के पिता बोधसाय मंझवार ने 19 अप्रैल को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल की सुबह वे जंगल गए थे, जबकि घर पर उनकी पत्नी और दोनों बच्चे मौजूद थे। लौटने पर घर खाली मिला और उनकी बेटी ने बताया कि मां उसे घर भेजकर छोटे भाई को लेकर जंगल की ओर चली गई है।

परिजनों और ग्रामीणों द्वारा लगातार खोजबीन के बाद 18 अप्रैल की रात रानीगौवा पहाड़ के पास एक खाई में बच्चे का शव मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल पर खून के धब्बे और पत्थर भी बरामद हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर संदेही महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी मां सोनमती सरोती मंझवार ने पहले पुलिस को गुमराह करने के लिए अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन वैज्ञानिक जांच और सख्त पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि वह बच्चों के साथ मायके जा रही थी। रास्ते में थकान और गुस्से में उसने बेटे को जमीन पर पटककर उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उसने झूठी कहानी बनाकर सभी को भ्रमित किया।

पुलिस ने आरोपी के बयान और मौके से साक्ष्य जुटाकर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में कापू थाना पुलिस की टीम ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मामले का पर्दाफाश किया।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post