Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी पुलिस ने ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ग्रामीण इलाकों के किराना दुकानदारों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन के जरिए लोन दिलाने का झांसा देता था और राशि अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपी कश्यप उर्फ गोपी किशन (32 वर्ष), निवासी ग्राम धुर्वाकारी, थाना पचपेड़ी के रूप में हुई है। प्रार्थी शिवकुमार राय, निवासी ग्राम चकरबेड़ा मल्हार ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने उसे लोन दिलाने का भरोसा दिलाकर उसके मोबाइल से ऑनलाइन लोन स्वीकृत कराया और खाते में आई ₹80,000 की राशि बिना बताए अपने खाते में ट्रांसफर कर ली।
जब प्रार्थी को शक हुआ तो उसने मल्हार स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में जानकारी ली, जहां पता चला कि पूरी राशि आरोपी द्वारा अलग-अलग किश्तों में अपने खाते में ट्रांसफर की जा चुकी है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पेटीएम बॉक्स सुधारने और लोन दिलाने के नाम पर अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी कर चुका है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनीश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी मस्तूरी एल.सी. मोहले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर मुखबिर की सूचना पर उसे उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय, अभिजीत और सुखदेव पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

