Social Activity BSP
रायगढ़, 25 अप्रैल 2026। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में गांजा तस्करी पर बड़ा प्रहार करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पहली कार्रवाई थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में की गई, जहां मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम तुमीडीह महुआ चौक के पास दबिश दी। यहां I20 कार में सवार दो आरोपियों को गांजा बेचने की फिराक में पकड़ा गया। आरोपियों की पहचान खिरोधर यादव (जशपुर) और पुरुषोत्तम यादव (तुमीडीह) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 2.728 किलोग्राम गांजा और 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए। इस दौरान एक आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 29,500 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दूसरी कार्रवाई थाना पुसौर क्षेत्र के ग्राम औरदा डीपापारा चौक में की गई, जहां पुलिस ने साधराम सिदार (71 वर्ष) को गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाशते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उसके पास से 745 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 7,450 रुपये है, जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है।
एसएसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाया जा सके।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

