Social Activity BSP
रायगढ़(Social Activity BSP)। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की अध्यक्षता में विस्तृत क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रमुख शामिल हुए।
बैठक में गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण, लंबित प्रकरणों में तेजी लाने और जवाबदेही तय करने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने तीन माह से अधिक लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए 20 से अधिक लंबित मामलों वाले थाना प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जुआ, सट्टा, अवैध शराब, कबाड़ और संगठित अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। साथ ही ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टा, गुंडागर्दी, चाकूबाजी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए हर माह जनजागरूकता अभियान चलाने और गांव-गांव चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बीट प्रणाली को सुदृढ़ करते हुए प्रत्येक शिकायतकर्ता से “अनुभव फीडबैक” लेना अनिवार्य किया गया है, ताकि पुलिस कार्यों का मूल्यांकन हो सके।
ट्रैफिक सुधार को प्राथमिकता देते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए। ब्रीथ एनालाइजर और सड़क इंजीनियरिंग के माध्यम से मृत्यु दर कम करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में ऑपरेशन आघात, प्रहार, अंकुश, तलाश और मुस्कान की समीक्षा की गई। बेहतर प्रदर्शन के लिए थाना चक्रधरनगर और कोतवाली को प्रोत्साहित किया गया। एसएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

