Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP) | बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बीट सिस्टम की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए शातिर चोरों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 9 अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विभिन्न चोरी के मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय चौधरी ने टीम गठित कर बीट आरक्षकों को सक्रिय किया।
बीट सिस्टम के तहत जुटाई गई जानकारी के आधार पर संदेही अरविंद पटेल (20 वर्ष), निवासी धुरीपारा मंगला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पहले आरोपी ने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी आशीष रजक और अन्य बालकों के साथ मिलकर 9 स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने चोरभट्ठी खुर्द, देवरीकला, आशियाना कॉलोनी घुरू, गिरधौना, बंधवापारा, संबलपुरी समेत कई क्षेत्रों में घरों और निर्माणाधीन मकानों के ताले तोड़कर नगदी और सामान चोरी करने की बात कबूल की। चोरी की रकम को आरोपियों ने खर्च कर दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर एक समरसीबल पंप, स्प्रे पंप, कॉपर तार, केबल, बिजली वायर, चांदी के आभूषण, टीवी, सिलिंग फैन, स्टील नल, कांसे के बर्तन और 700 रुपये नगद बरामद किए हैं।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी, उप निरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

